Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

किसान आंदोलन के दौरान एक और किसान ने गंवाई जान: खनौरी बॉर्डर पर धरना देते समय बिगड़ी तबियत; इलाज के दौरान तोड़ा दम, दिल्ली कूच पर मीटिंग आज

खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन के दौरान एक और किसान की मौत हो गई है। धरने के दौरान मंगलवार को पटियाला के रहने वाले करनैल सिंह (50) की तबीयत बिगड़ गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 15 दिन से चल रहे आंदोलन के दौरान ये 8वीं मौत है। इसमें 3 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

किसान अभी शंभू और खनौरी बॉर्डर पर ही डटे हुए हैं। हरियाणा में बॉर्डर पर सड़कें खोली जा रही हैं। आज किसान मजदूर मोर्चा (KMM) और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) दिल्ली कूच पर चर्चा करेंगे। 28 फरवरी को फाइनल फैसला लिया जाएगा।

वहीं किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के सरवण पंधेर ने कहा कि केंद्र और पंजाब के कुछ अफसर कह रहे हैं कि हरियाणा पुलिस पर FIR को लेकर केंद्र-किसानों की वार्ता टूटी है। मगर, ऐसा नहीं है। बातचीत कॉन्ट्रैक्ट बेस खेती के प्रस्ताव से टूटी है, हम MSP गारंटी कानून मांग रहे हैं। इसी वजह से वार्ता में अड़ंगा लगा है।

पंधेर ने कहा कि बीते दिन उनके आंदोलन को पूरे देश में समर्थन मिला है। भारत के इतिहास में पहली बार आदिवासियों ने किसानों को समर्थन दिया।इससे पहले 26 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने पूरे देश में ट्रैक्टर मार्च निकाला। आंदोलन कर रहे संगठनों ने वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (WTO) के पुतले फूंके।

किसानों के दिल्ली कूच टालने के बाद हरियाणा में सड़कें खुलनी शुरू हो गई हैं। पहले दिल्ली पुलिस ने हरियाणा से सटे सिंघु और टिकरी बॉर्डर को अस्थाई रूप से खोल दिया। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने दिल्ली से चंडीगढ़ जाने के लिए कुरूक्षेत्र में जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे की सर्विस रोड खोल दी है। यहां लगाई सीमेंट की बैरिकेडिंग को JCB से हटा दिया गया है।

वहीं खनौरी बॉर्डर पर मरे किसान शुभकरण का अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। किसान नेता और परिवार उसे गोली मारने वालों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने कहा कि किसानों पर फायरिंग करने वालों पर केस दर्ज हो। इससे पहले पंजाब सरकार किसान के परिवार को 1 करोड़ मुआवजा और बहन को सरकारी नौकरी का ऐलान कर चुकी है।

खनौरी बॉर्डर पर जख्मी हुए किसान प्रितपाल सिंह को लेकर सोमवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जिसमें हरियाणा पुलिस ने प्रितपाल को कस्टडी में लेने की बात को नकार दिया। पुलिस ने कहा कि किसानों-पुलिस की झड़प में वह हरियाणा सीमा में गिरा था। उसे इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। हाईकोर्ट ने 28 फरवरी को रोहतक पीजीआई से प्रितपाल की मेडिकल रिपोर्ट मंगवा ली है।

हरियाणा से इंटरनेट बैन हटा, पंजाब में नए आदेश का इंतजार

हरियाणा में सरकार ने 7 जिलों में इंटरनेट पर बैन लगाया था। इनमें हिसार,जींद, कैथल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, फतेहाबाद और सिरसा जिले शामिल थे। हालांकि 24 फरवरी की रात को इसे हटा लिया गया। पंजाब के 7 जिलों के 19 इलाकों में केंद्र सरकार ने इंटरनेट बंद कराया है। इनमें पटियाला, मोहाली, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, मुक्तसर, मानसा और संगरूर जिला शामिल है। यह आदेश 26 फरवरी की आधी रात तक लागू था। इसमें संशोधन के नए आदेश अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं।

Exit mobile version