Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

किसान आंदोलन में एक और मौत: KMP पुल से कूद दी जान, साथी बोले- कूदने से पहले खाया जहर

सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच बुधवार को कुंडली में KMP एक्सप्रेस-वे के फ्लाईओवर से कूदकर एक किसान ने आत्महत्या कर ली। साथियों ने बताया कि तीन-चार दिन से चल रहे घटनाक्रम से परेशान था। राई थाना पुलिस का कहना है कि किसान पुल पर बैठा था, अचानक गिर गया। परिजनों के आने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। किसान के जहर खाने की बात भी उठी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

हरियाणा के सोनीपत के गांव न्यात का किसान धर्मपाल मलिक (65) काफी समय से किसान आंदोलन में सक्रिय था। वह भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) से जुड़ा हुआ था। बताया गया है कि बुधवार काे उसने कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) के पुल से हाईवे पर छलांग लगा दी।

किसान धर्मपाल के नीचे गिरने के बाद KMP के पास ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। बाद में होमगार्ड के दो जवान धर्मपाल को बेसुध हालत में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे कुछ देर में मृत घोषित कर दिया।

भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने बताया कि किसान ने सरकार के रवैये से परेशान होकर आत्महत्या की है। वह KMP के कुंडली जीरो प्वाइंट से नीचे कूदा। उसके साथी किसानों ने बताया कि वह MSP की मांग, किसानों पर दर्ज केसों और अन्य मांगों पर सहमति न होने और बैठक पर बैठक होने से वह परेशान था। बुधवार को उसने आत्महत्या कर ली।

दूसरी तरफ थाना राई पुलिस अभी यह नहीं मान रही कि किसान ने आत्महत्या की है। KMP कुंडली जीरो प्वाइंट पर तैनात इंस्पेटर सतबीर सिंह ने बताया कि धर्मपाल पुल पर बैठा हुआ था। इसी दौरान नीचे गिर गया। किसान ने जहर खाया था नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद होगी। किसान के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। फिर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version