Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लखनऊ में ई-रिक्शे पर चालक ने की हैवानियत की कोशिश, घबराई युवती चलती गाड़ी से कूदी

लखनऊ में ई-रिक्शे पर फिर हैवानियत की कोशिश की गई। गुड़ंबा टेढ़ी पुलिया के पास ई-रिक्शे में सवार युवती ने ड्राइवर की छेड़छाड़ से परेशान होकर छलांग लगा दी। चलते हुए ई-रिक्शे से कूदने के बाद युवती गम्भीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के मुताबिक ड्राइवर ने ई-रिक्शा रोक कर युवती की पिटाई करते हुए उसे दोबारा से बैठाने का प्रयास किया। पर, राहगीरों को आते देख ड्राइवर भाग निकला। राहगीरों की मदद से ही पीड़िता अस्पताल पहुंची। हालत में सुधार होने पर पीड़िता ने गुड़ंबा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

आजमगढ़ निवासी 24 वर्षीय युवती कुछ वक्त से हुसैनगंज में मामा के घर रह रही है। सोमवार को टेढ़ी पुलिया काम से जाना था। बर्लिंग्टन चौराहे के पास से टेढ़ी पुलिया के लिए ई-रिक्शे बुक किया था। टेढ़ी पुलिया के पास पहुंचने पर युवती ने ड्राइवर से ई-रिक्शा रोकने के लिए कहा। पर, आरोपित ने रफ्तार कम नहीं की। वह ई-रिक्शा भगा कर एक नर्सिंग होम की तरफ ले जाकर युवती से छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने का प्रयास करने पर आरोपित ने युवती का मुंह दबा दिया। ड्राइवर की हरकतों से परेशान हो चुकी युवती ने चलते हुए ई-रिक्शे से छलांग लगा दी। हाथ-पैर छिल गए और खून बहने लगा।

ई-रिक्शे से युवती के कूदने पर ड्राइवर रूक गया। ई-रिक्शा से उतर कर वह युवती के पास पहुंचा। घसीटते हुए दोबारा से ई-रिक्शे में बैठाने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर युवती को पीटा। इस बीच कुछ राहगीर आते हुए दिखाई पड़े। हिम्मत जुटा कर युवती ने शोर मचाया। जिसके चलते आरोपित ड्राइवर भाग गया।

पीड़िता के मुताबिक आरोपित ड्राइवर नशे में था। ई-रिक्शे पर नम्बर प्लेट भी नहीं लगी थी।राहगीरों ने घायल युवती की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया। फोन कर युवती के मामा को जानकारी दी। जिसके बाद परिवार वाले नर्सिंग होम पहुंचे। इंस्पेक्टर गुड़ंबा प्रभातेश कुमार ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से ई-रिक्शा ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version