Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नए साल की शुरुआत में किसान आंदोलन होने की हुई घोषणा: चढूनी बोले- गन्ने के रेट की पंजाब से कम कीमत बर्दाश्त नहीं

हरियाणा में फिर से किसान आंदोलन का ऐलान हो गया है। नए साल की शुरुआत में फिर से किसान आंदोलन होने की घोषणा हो गई है। इस बार किसान आंदोलन का मुद्दा गन्ने के कम रेट का रहेगा। आंदोलन के लिए गुरनाम सिंह चढूनी ने किसानों को तैयार रहने की बात कही है। साथ ही गन्ने का भाव नहीं बढ़ा तो जनवरी में आंदोलन की चेतावनी दी है।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढूनी ने वीडियो जारी करके कहा कि इस बार हरियाणा सरकार ने गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया है, लेकिन पहले हरियाणा में ही सबसे ज्यादा गन्ने का भाव रहता था। इस बार पंजाब ने भाव बढ़ा दिया है, जिसके कारण हरियाणा के मुकाबले पंजाब में गन्ने का भाव 18 रुपए प्रति क्विंटल अधिक है।

उन्होंने कहा कि भाव को लेकर सरकार से कई बार मांग की जा चुकी है और चिट्‌ठी लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने उस पर कोई विचार नहीं किया। अबकी बार तो गन्ने का रेट और अधिक बढ़ना चाहिए था, क्योंकि खुई (चीनी बनने के बाद बचा वेस्ट) का भाव 400 रुपए है और गन्ने का भाव 362 रुपए।

गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सरकार गन्ने का भाव जल्द से जल्द बढ़ाए अन्यथा जनवरी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भी आंदोलन के लिए तैयार रहने के लिए कहा। साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि अगर गन्ने का भाव नहीं बढ़ा तो जनवरी माह में किसान आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मशीन द्वारा कटाई किए गए गन्ने पर लगने वाली काट सरकार ने बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दी है। जबकि पंजाब में काट केवल 3 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 4.5 प्रतिशत है, लेकिन हरियाणा सरकार ने काट बढ़ाकर 7 प्रतिशत की है। हरियाणा सरकार गन्ना किसानों के साथ अन्याय कर रही है। एक और तो मिल में पिराई शुरू होने के बाद भी अभी तक गन्ने का रेट घोषित नहीं किए और गन्ने का मौजूदा रेट हरियाणा प्रदेश में बेहद कम है।

उन्होंने सरकार से मांग की मौजूदा पिराई सत्र के लिए सरकार गन्ने का रेट बढ़ाकर 450 रुपए प्रति क्विंटल करे। साथ ही काट को 7 प्रतिशत से कम करके पंजाब की तर्ज पर 3 प्रतिशत करे, ताकि गन्ना किसान घाटे में ना जाए। हरियाणा में सबसे अधिक गन्ने का रेट होता था, लेकिन अबकी बार पंजाब में गन्ना का रेट 380 रुपए प्रति क्विंटल और हरियाणा में केवल 362 रुपए प्रति क्विंटल है।

Exit mobile version