Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CM मनोहर लाल खट्टर का ऐलान- ‘सरकारी स्कूल में पढ़ाई जाएगी भागवत गीता’

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हिस्सा लिया था। इस महोत्सव में लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला भी मौजूद थे। इस दौरान, सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्य में अगले सेशन से स्कूली बच्चों को भागवत गीता के श्लोक पढ़ाए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने ऐलान किया कि भागवत गीता से जुड़ी किताबें पांचवीं और सातवीं कक्षा के सिलेबस का हिस्सा बनेंगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी जिंदगी में गीता का सार मिला लेना चाहिए क्योंकि इस पवित्र ग्रंथ में संदेश न केवल अर्जुन के लिए बल्कि हम सभी के लिए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वार्षिक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए अगले साल से गीता जयंती समिति गठित की जाएगी। इस समिति में राजनेताओं के अलावा धार्मिक विद्वान और अधिकारी भी शामिल किए जाएंगे। 

साथ ही, उन्होंने कहा कि महाभारत थीम पर ज्योतिसार में ‘गीतास्थली’ पर दो एकड़ भूमि पर 205 करोड़ रुपये की लागत से एक संग्रहालय बनाया जा रहा है। इसके अलावा, खट्टर ने कहा कि रामलीला की तर्ज पर अगले साल से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान कृष्ण उत्सव भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए अलग से फंड आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कृष्ण उत्सव कुरुक्षेत्र की एक और पहचान बनेगा।

Exit mobile version