हरियाणा में गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर अब किसान 25 जनवरी को किसान पूरे प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च निकाल कर सीएम मनोहर लाल का पुतला जलाएंगे। सरकार फिर भी नहीं मानी तो 29 जनवरी को सोनीपत के गोहाना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में पहुंचकर अर्धनग्न होकर उनका विरोध किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र की सेनी धर्मशाला में सोमवार को भाकियू (चढ़ेनी) के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आगामी आंदोलन की घोषणा की। रोष जताया गया कि सरकार न तो किसानों से बातचीत कर रही है और ना ही गन्ने के दामों की बढ़ोतरी की मांग को पूरा कर रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 जनवरी को प्रदेश के सभी किसान ट्रेक्टर मार्च निकाल कर सभी शुगर मिल के बाहर मुख्यमंत्री के पुतले को दहन करेंगे।
चढ़ूनी ने बैठक में कहा कि 26 जनवरी को सर छोटू राम जयंती के अवसर पर सभी शुगर मिलों के बाहर किसानों द्वारा गन्ने की होली जलाई जाएगी। अगर फिर भी सरकार नहीं मानी तो 27 जनवरी से शुगर मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन रोड जाम करेंगें। चढ़ूनी ने कहा कि छोटू राम ने कहा था – जिस खेत से दहक़ां को मयस्सर नहीं रोज़ी, उस खेत के हर ख़ोशा-ए-गंदुम को जला दो! मतलब जिस खेत से आपको रोजी रोटी नहीं मिल रही, उस खेत की हर बाली (पौधे की बाली ) को जला दें।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढ़ूनी ने कहा कि 29 जनवरी को गोहाना में भाजपा की रैली में पहुंचकर अर्धनग्न होकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विरोध किया जाएगा। वहीं 30 जनवरी को फिर से कुरुक्षेत्र की सैनी धर्मशाला में बैठक कर अगला फैसला लिया जाएगा।
बीते दिन किसानों और मुख्यमंत्री की बैठक के सवाल पर चढ़ूनी ने कहा कि सरकार के कुछ नजदीकी किसानों की बैठक मुख्यमंत्री से हुई, जिसका कोई औचित्य नही है। उन्होंने कहा कि महंगाई 7 प्रतिशत बढ़ी है, लेकिन गन्ने के रेट मात्र 2 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जो बेहद ही शर्मनाक है।
ऐसे में वे सरकार से अपील करते है कि किसानों की आय दुगुनी न कर 2014 में जितनी थी उतनी ही रहने दी जाए, तभी किसान खुश होगा। वहीं अलग-अलग किसान संगठनों एक साथ आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस दिन पिटेंगे उस दिन सभी एक हो जाएंगे।
