Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मनोहर लाल के OSD बने हरियाणा के अनिरुद्ध यादव, IIT रुड़की और ऑक्सफोर्ड से की पढ़ाई

पंचकूला। केंद्र सरकार ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के विशेष कर्तव्य अधिकारी (OSD) के रूप में अनिरुद्ध यादव की नियुक्ति को मंजूरी दी है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने अनुबंध के आधार पर उनकी नियुक्ति को स्वीकृति दी है। यह नियुक्ति डिप्टी सेक्रेटरी स्तर पर पे-मैट्रिक्स के लेवल-12 के तहत की गई है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, अनिरुद्ध यादव का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार साल का होगा। हालांकि, यह अवधि मंत्री के कार्यकाल या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

IIT रुड़की और ऑक्सफोर्ड से हासिल की डिग्री

अनिरुद्ध यादव ने IIT रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर इन पब्लिक पॉलिसी की डिग्री हासिल की। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि इंजीनियरिंग और सार्वजनिक नीति, दोनों क्षेत्रों से जुड़ी है।

हरको बैंक के पूर्व चेयरमैन अरविंद यादव के बेटे

अनिरुद्ध यादव हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और हरको बैंक के पूर्व चेयरमैन डॉ. अरविंद यादव के बेटे हैं। अरविंद यादव भाजपा संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह रोहतक और भिवानी जिलों के भाजपा जिला प्रभारी भी रह चुके हैं।

जनवरी 2023 में हरियाणा सरकार ने अरविंद यादव को हरियाणा टूरिज्म कॉरपोरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया था। इससे पहले वह हरियाणा राज्य सहकारी बैंक (हरको बैंक) के चेयरमैन के रूप में भी काम कर चुके हैं।

चार साल तक संभालेंगे OSD की जिम्मेदारी

अनिरुद्ध यादव की नियुक्ति डिप्टी सेक्रेटरी स्तर पर हुई है। OSD के रूप में वह केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के कार्यालय से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी निभाएंगे। नियुक्ति की अवधि चार साल निर्धारित की गई है, लेकिन यह मंत्री के कार्यकाल और सरकार के अगले आदेशों से संबंधित शर्तों के अधीन रहेगी।

इस नियुक्ति के साथ अनिरुद्ध यादव को केंद्र सरकार में मंत्री कार्यालय से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी मिली है।

Exit mobile version