Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मोहन लाल बडोली की रफ्तार पर अनिल विज का ब्रेक? पार्षद प्रत्याशियों की सूची से कटे समर्थकों के नाम तो नड्डा को कर दिया मेल

हरियाणा मोहन लाल बडोली और अनिल विज की तनातनी का एक और उदाहरण सामने आया है। यहां निकाय चुनाव के लिए भाजपा की ओर से जारी की गई सूची को लेकर ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने परेशानी खड़ी कर दी है। अंबाला कैंट नगर परिषद के पार्षद प्रत्याशियों की सूची पर विज ने नाराजगी जताई है। सूत्रों के अनुसार अनिल विज के समर्थकों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे वह नाराज हैं।

टिकट कटने के बाद आज सुबह उनके समर्थक विज के घर पहुंचे, जहां बैठक हुई। इस बैठक में विज ने कहा है कि वह सूची को होल्ड करवा देंगे। इस संबंध में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को ई-मेल भी भेजा है। इसमें उन्होंने लिखा है कि यदि उनके समर्थकों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए तो वह चुनाव में प्रत्याशियों के लिए प्रचार नहीं करेंगे। वह विदेश चले जाएंगे।

बताया यह भी जा रहा है कि विज की नाराजगी को देखते हुए भाजपा की ओर से नगर परिषद प्रत्याशियों की सूची होल्ड कर दी गई है। अब संभावना है कि जल्द ही यह सूची फिर से जारी की जाएगी। हालांकि अभी तक अनिल विज ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों की मानें तो यह सूची प्रदेश अध्यक्ष बडोली ने तैयार करवाई थी।

दरअसल, अंबाला कैंट नगर परिषद के लिए पार्षद प्रत्याशियों की एक सूची ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पार्टी को भेजी थी। इस सूची में अनिल विज के समर्थकों के नाम शामिल थे, लेकिन देर रात जब सूची जारी हुई तो इस सूची में अनिल विज के 16 समर्थकों के नाम नहीं थे। इसे देखते हुए विज ने सुबह अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई।

इस बैठक में सूची पर आपत्ति जताई गई। इसके बाद विज ने प्रदेश स्तर पर सूची पर आपत्ति जताई। जिसके बाद फिलहाल सूची को रोक दिया गया है। विज के करीबी सूत्रों का कहना है कि नगर परिषद वार्ड से अपने समर्थकों के नाम काटे जाने से नाराज विज ने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी सूची पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी मेल कर दी है।

Exit mobile version