हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज शोकॉज नोटिस के बाद भी एक्शन मोड में हैं। उन्होंने हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार को सस्पेंड कर दिया। अनिल को पंचकूला हेडक्वार्टर भेजा गया है। इसकी जानकारी खुद अनिल विज ने दी।
मंत्री विज ने बताया कि 9 फरवरी को गुरुग्राम के सेक्टर-107 के 220 केवी सबस्टेशन के 33 केवी जीआईएस में आग लगने की घटना की रिपोर्ट मिली थी। इस घटना के कारण गुरुग्राम की लगभग 22 सोसायटियों व अन्य क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इस घटना की रिपोर्ट अनिल कुमार ने अपने उच्चाधिकारियों को नहीं दी। इस पर कार्रवाई की गई है।
इसको लेकर 11 फरवरी को ऑर्डर जारी किया गया था, लेकिन ये सामने गुरुवार को आया।
एक दिन पहले मंत्री अनिल विज ने पार्टी को भेजे शोकॉज नोटिस का 8 पन्नों का जवाब भेजा है। विज से जुड़े टॉप सोर्सेज के मुताबिक इसमें उन्होंने 8 अहम खुलासे किए हैं। विज ने हाईकमान को टिकट की अफवाह फैलाने से लेकर उन्हें हरवाने-मरवाने की साजिश के बारे में भी बताया है।

