हरियाणा के अंबाला में ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर लगे आरोपों की जांच हो रही है। गवाह ने कहा है कि मैं निर्दोष हूं और बड़ौली भी कह रहे हैं कि मैं निर्दोष हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हिमाचल पुलिस की जांच में वे निर्दोष साबित होंगे।
जब तक हिमाचल प्रदेश पुलिस उन्हें निर्दोष साबित नहीं कर देती या जब तक जांच पूरी न हो, तब तक पार्टी की पवित्रता को बनाए रखने के लिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
अनिल विज भाजपा के पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने बड़ौली को इस्तीफा देने की बात की है। वहीं शनिवार को INDIA गठबंधन की पार्टियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मोहन लाल बड़ौली और रॉकी मित्तल के पुतले फूंक कर प्रदर्शन किया।
दरअसल, दिल्ली की महिला की शिकायत पर मोहन लाल बड़ौली और हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ 13 दिसंबर 2024 को कसौली थाना में गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया था। FIR की कॉपी 14 जनवरी 2025 को सामने आई थी। 16 जनवरी को आरोप लगाने वाली महिला की फ्रेंड मीडिया के सामने आई। उसने कहा था कि वहां कोई गैंगरेप नहीं हुआ। वह कभी बड़ौली से नहीं मिली। होटल में वह सिर्फ रॉकी मित्तल से मिली थी।
