लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के एक बयान को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधानसभा में इसके खिलाफ प्रस्ताव लाया जाएगा।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों और विधानसभा का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को “चोर प्रतिनिधि” और “घुसपैठिया” कहना लोकतांत्रिक संस्थाओं की अवमानना है।
“राहुल गांधी अपना होश खो चुके हैं”
अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव हारने के बाद अपना संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव संविधान और चुनाव आयोग के नियमों के तहत कराए जाते हैं। ऐसे में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को इस तरह संबोधित करना लोकतंत्र का अपमान है।
राहुल गांधी के बयान के मुख्य बिंदु
- वोट चोरी का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं – क्या उन्हें BJP की भाषा में ‘घुसपैठिए’ कहें।”
- हरियाणा सरकार पर भी टिप्पणी
राहुल गांधी ने हरियाणा सरकार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि “हरियाणा में तो पूरी सरकार ही ‘घुसपैठिया’ है। जो संस्थाओं को अपनी जेब में रखते हैं और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं, उन्हें सच्चाई से डर लगता है।”
ममता बनर्जी पर भी साधा निशाना
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने संबंधी बयान पर भी अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी हर मुद्दे पर अड़ंगा लगाने का काम करती हैं। विज ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, यहां राजशाही नहीं चलती और संविधान में हर स्थिति के लिए प्रावधान किए गए हैं।
