Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नाराज सैलजा बोलीं- डिप्टी CM नहीं बनूंगी:सीएम दावा बीता कल नहीं जो लौटकर नहीं आ सकता

हरियाणा चुनाव के बीच एक बार फिर सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने कांग्रेस सरकार बनने पर CM कुर्सी पर दावा ठोका है। उन्होंने कहा कि यह कोई बीता हुआ कल नहीं, जो लौटकर नहीं आएगा। सैलजा ने डिप्टी सीएम बनने से साफ इनकार कर दिया।

सैलजा ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की बात को भी सिरे से खारिज कर दिया। सैलजा ने कहा कि मेरे खून में कांग्रेस है। भाजपा इसको लेकर भ्रम फैला रही है।

वहीं इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का हरियाणा दौरा अचानक कैंसिल हो गया। सोमवार को उन्हें अंबाला और करनाल में रैलियों को संबोधित करना था। खड़गे का हरियाणा चुनाव को लेकर यह पहला दौरा था। कांग्रेस के मुताबिक उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वह यात्रा करने में असमर्थ हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

इस बीच कुमारी सैलजा ने चुप्पी तोड़ते हुए सियासी गलियारों में चल रही कयासबाजियों पर फुलस्टाप लगा दिया। बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस नेत्री को भाजपा में शामिल होने तक का ऑफर दे दिया था। इस पर सैलजा ने एक निजी चैनल से कहा कि मेरी रगों में कांग्रेस का खून है। मैं कहीं नहीं जाऊंगी। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस में ही हूं। भाजपा में जाने का सवाल ही नहीं है। इसके साथ ही सैलजा ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग डरे हुए हैं, वो इस तरह की झूठी खबरें फैला रहे हैं।

वहीं उनसे उकलाना विधानसभा को लेकर पूछा गया कि आप चाहती थीं कि वहां से आपके भाई को टिकट मिले, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने टिकट काट दिया। इस पर सिरसा सांसद ने कहा कि मैं खुद वहां  चुनाव लड़ना चाहती थी। ये बात मैंने सार्वजनिक रूप से कई बार कही है, लेकिन इससे पहले लोकसभा चुनाव आ गया और मैंने सिरसा से चुनाव लड़ने साथ ही बड़े मार्जिन से जीत दर्ज की। उकलाना विधानसभा से जहां टिकट का विषय है, ये हाईकमान फैसला था।  

हालांकि सैलजा के प्रचार में उतरने की खबरों के बीच राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला का ट्वीट आया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि सांसद व बड़ी बहन कुमारी सैलजा भी नरवाना में 26 तारीख़ को 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी व कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगी।

Exit mobile version