रोहतक में एक महिला शिक्षक से छीना-झपटी का मामला सामने आया है। यहां पैदल जा रही महिला शिक्षक के हाथ से मोबाइल फोन झपट्टा मारकर युवक फरार हो गया। आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। जिसके कारण मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
शक्ति नगर निवासी कमलेश दुआ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अध्यापिका है और एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। शुक्रवार शाम को करीब सवा 6 बजे वह गांधी कैंप लेबर चौक की तरफ पैदल जा रही थी। जब वह रामलीला ग्राउंड के पास पहुंची तो एक युवक पैदल-पैदल ही वहां पर आ गया।
कमलेश ने बताया कि वह अपने हाथ में मोबाइल फोन लिए हुए थी। पीछे से आए युवक ने झपट्टा मारकर हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। वहीं मोबाइल फोन छीनकर आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने आरोपी युवक को पकड़ने के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी युवक वहां से फरार हो चुका था।
पीड़िता अध्यापिका कमलेश ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। साथ ही कहा कि आरोपी युवक को पकड़कर उनका मोबाइल फोन बरामद करवाया जाए। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ छीना-झपटी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी छीना-झपटी की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि ज्यादातर छीना-झपटी की घटनाओं में मोबाइल फोन को ही निशाना बनाया गया। वहीं बाइक सवार मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देते। मौका पाकर आरोपी किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाते हैं और छीना-झपटी करके फरार हो जाते हैं।

