रोहतक के गांव लाहली के पास भिवानी मार्ग पर स्कूटी सवार दंपती को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। वहीं घायल का इलाज PGI में चल रहा है।
कलानौर के वार्ड नंबर 7 निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास फोन आया था कि चाचा अतुल और चाची रितू का गांव लाहली के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पाकर वह कलानौर अस्पताल में पहुंच गया। वहां डॉक्टरों ने उसके चाचा-चाजी को प्राथमिक उपचार के बाद PGI रेफर कर दिया था।
PGI जाते समय उसके चाचा अतुल ने बताया कि बताया कि वे दोनों रोहतक से कलानौर आ रहे थे। गांव लाहली से पहले बाबा मस्तनाथ धाम के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण दोनों गिर गए और गंभीर चोटें आई। वहीं वाहन चालक मौके से फरार हो गए।जब वह PGI पहुंचे तो उसके चाचा अतुल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चाची रितू का इलाज चल रहा है।
अजय ने बताया कि उसके चाचा गांव में खेतीबाड़ी करते थे और आटा चक्की चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। उनके 2 बच्चे हैं, बड़ा बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता है और छोटी बेटी 9वीं कक्षा में पढ़ती है। इस एक्सीडेंट का पता लगते ही परिवार में मातम छाया हुआ है।

