Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लंदन से हरियाणा आई इंफ्लुएंसर…बजरंग दल से जुड़े युवक पर धमकी और बदनाम करने के आरोपयुवती बोली—समझौता नहीं, कार्रवाई चाहिए

लंदन से भारत पहुंची एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने करनाल के महिला थाने में शिकायत देकर बजरंग दल से जुड़े एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि सोशल मीडिया आईडी रिकवर करने के बाद से उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और सोशल मीडिया पर बदनाम किया जा रहा है।

पीड़िता कोमल चौधरी के अनुसार, दिसंबर महीने में बजरंग दल से जुड़े एक व्यक्ति की सोशल मीडिया आईडी सस्पेंड हो गई थी, जिसे उसने रिकवर कर दिया था। इस बात का जिक्र उसने एक इंटरव्यू में किया, जिसके बाद कुछ लोग उस पर वीडियो हटाने का दबाव बनाने लगे।

कोमल का कहना है कि मना करने पर उसे धमकियां मिलने लगीं। उसने आरोप लगाया कि बजरंग दल के सदस्य मोनी काली रमन ने एक अन्य युवक के जरिए उसके खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत वीडियो डलवाई और उसे यूके से निकलवाने तक की धमकी दी गई।

युवती का दावा है कि उसके पास एक वॉइस नोट भी है, जिसमें संबंधित युवक ने माना है कि उसने यह वीडियो आरोपी के कहने पर डाली थी।

चरित्र पर लगाए आरोप:
कोमल ने बताया कि आरोपी ने उसके चरित्र को लेकर भी गलत आरोप लगाए और सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाईं। उसने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि जिन लोगों के साथ उसका नाम जोड़ा जा रहा है, वे उसके जानने वाले या रिश्तेदार हैं।

SC-ST केस में फंसाने का आरोप:
युवती का कहना है कि आरोपी ने उस पर झूठा SC-ST एक्ट का केस भी दर्ज करवाया है, जबकि उसने कभी कोई आपत्तिजनक शब्द नहीं कहा।

डेढ़ लाख खर्च कर भारत पहुंची:
कोमल ने बताया कि वह करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च कर लंदन से भारत आई है और सिर्फ न्याय के लिए शिकायत दर्ज कराई है। उसने साफ कहा कि वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

पुलिस कार्रवाई:
युवती का कहना है कि पहले उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद वह डीजीपी तक पहुंची। अब महिला थाना पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने अपनी लोकेशन साझा करने से इनकार कर दिया।

18 मई को भीड़ जुटाने की अपील का आरोप:
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए 18 मई को करनाल में लोगों को इकट्ठा होने के लिए उकसाया है।

फिलहाल महिला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version