हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव कन्होरी में जनगणना करने गए एक TGT शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान पर नंबर लिखने को लेकर एक बुजुर्ग भड़क गया और पहले शिक्षक के साथ हाथापाई की, फिर लठ उठाकर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान बचाव करने आए एक ग्रामीण को भी चोटें आईं। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, TGT शिक्षक पवन कुमार 19 मई की सुबह जनगणना के कार्य के लिए गांव में पहुंचे थे। पवन कुमार ने बताया कि वह दरवाजा नंबर 99 पर पहुंचे, जहां नंबर नहीं लिखा था। उन्होंने सरकारी प्रक्रिया के तहत मकान पर नंबर लिखा और आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान गांव निवासी रामकिशन गालियां देते हुए वहां पहुंचे और बिना अनुमति नंबर लिखने पर आपत्ति जताने लगे।
शिक्षक का आरोप है कि उन्होंने अपना आईकार्ड दिखाया, लेकिन इसके बावजूद बुजुर्ग ने थप्पड़ और मुक्कों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीण रणधीर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी घर के अंदर से लठ उठा लाया और हमला कर दिया। इस दौरान रणधीर के हाथ में चोट लग गई।
आरोप है कि शोर सुनकर बाहर आई आरोपी की पुत्रवधू ज्योति ने भी अपने ससुर का साथ दिया और रणधीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के वीडियो में बुजुर्ग और उसकी पुत्रवधू को हंगामा करते और शिक्षक पर हमला करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। वहीं कुछ ग्रामीण और शिक्षक के साथी उन्हें रोकते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि शाम को जब वह पुलिस के साथ मौका दिखाने पहुंचे, तब भी आरोपी ने पुलिस के सामने जान से मारने की धमकी दी और दिल्ली पुलिस में तैनात अपने बेटे की धौंस दिखाई।
मामले में रोहड़ाई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
