Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रामलीला के दौरान एक कलाकार की हुई मौत: दशरथ का किरदार निभा रहे शख्स ने राम-राम बोलते हुए तोड़ा दम , दर्शक अभिनय समझकर तालियां बजाते रहे

बिजनौर में रामलीला के दौरान एक कलाकार की मौत हो गई। वह दशरथ का किरदार निभा रहा था। डायलॉग बोलते हुए कलाकार मंच पर गिर पड़ा। रामलीला देख रहे दर्शकों को लगा कि वह अभिनय कर रहा है। वे यह देखकर तालियां बजाने लगे। उन्हें पता चला कि कलाकार की वाकई मौत हो गई तो सभी गमगीन हो गए।

यह मामला हसनपुर गांव का है। यहां सप्तमी से दशहरा तक रामलीला हुई थी। इसमें पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह राजा दशरथ का किरदार निभा रहे थे। मंचन के दौरान पिता की आज्ञा से राम, सीता और लक्ष्मण वनवास चले गए। दशरथ बने राजेंद्र ने महामंत्री सुमंत को भेजा कि वे उन्हें जंगल दिखाकर वापस ले आएं।

सुमंत को राम के बिना आता देख राजा दशरथ भावुक हो गए। भगवान श्रीराम के वियोग में वे राम-राम चिल्लाने लगे। दो बार राम-राम कहते हुए दशरथ बने राजेंद्र सिंह अचानक मंच पर गिर गए। सभी यही समझते रहे कि वे अभिनय कर रहे हैं और उन्होंने मंच पर ही दम तोड़ दिया।

पर्दा गिरा तो साथी कलाकारों ने राजेंद्र सिंह को उठाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। इसका पता चलते ही रामलीला का मंचन रोक दिया गया। माना जा रहा है कि दिल की धड़कने रुकने से उनकी मौत हुई है।

राजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे, दो बेटी छोड़ गए हैं। BSF में तैनात छोटे बेटे के घर पहुंचने पर शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Exit mobile version