Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

5 नवंबर को हरियाणा आएंगे अमित शाह: करनाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में होंगे शामिल, BJP ने शुरू की तैयारियां

करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा के करनाल पहुंचेंगे। वह सुबह 10 बजे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा सेक्टर-12 से शुरू होकर महात्मा गांधी चौक तक जाएगी।

भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर ने अमित शाह के दौरे की जानकारी दी। उनके आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को करनाल पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की।

22 अक्टूबर से चल रहा अभियान

भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान हरियाणा में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत पदयात्राएं, जनसभाएं, प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद और युवा सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अभियान के जरिए भाजपा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जवाब दे रही है।

भाजपा का आरोप है कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा कर रहा है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता अभियान के दौरान लोगों के बीच जाकर मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया पर अपना पक्ष रख रहे हैं।

7 अक्टूबर को गुरुग्राम आए थे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इससे पहले 7 अक्टूबर को गुरुग्राम आए थे। यहां उन्होंने महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा–सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

Exit mobile version