इंदौर। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने धमकियों और विवादों के बावजूद इंदौर में अपना कॉन्सर्ट किया। स्टेज पर पहुंचते ही उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ का जयकारा लगाया और करीब 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से शानदार एंट्री की। इस दौरान उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़कर हजारों प्रशंसकों में जोश भर दिया।
दिलजीत ने मंच से कहा, ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है… सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है।’ उनके इस अंदाज पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
धमकियों के बावजूद नहीं रुका कॉन्सर्ट
दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले करीब 9 धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। इनमें आयोजन के दौरान RDX विस्फोट की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी। बम डिस्पोजल टीम तैनात की गई और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी गई।
दिलजीत ने मंच से धमकी देने वालों को जवाब देते हुए कहा कि उनके इंदौर आने और कार्यक्रम को रोकने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि वे पहले भी नहीं डरे थे और आज भी नहीं डरते। प्रशंसकों की ताकत ही उन्हें यहां तक लेकर आई है।
7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा
इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, BookMyShow पर शो के 7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा किया गया है।
टिकटों की कीमत 1,500 रुपये से शुरू हुई थी। वहीं सबसे महंगी GOAT टेबल 8 लाख रुपये और Born To Shine टेबल 5 लाख रुपये की थी। आयोजन से नगर निगम को 60 लाख रुपये से अधिक टैक्स मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
गानों को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत के चार गानों ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ को लेकर विवाद हुआ था। चंडीगढ़ के सोशल एक्टिविस्ट पंडितराव धरनेश्वर ने इन गानों पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद इंदौर के बाल संरक्षण आयोग ने इन गानों को लेकर प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी किए थे। इसके बावजूद कार्यक्रम में दिलजीत ने इनमें से कुछ गाने भी प्रस्तुत किए।
21 नवंबर को अहमदाबाद में अगला शो
दिलजीत दोसांझ का अगला कॉन्सर्ट 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है।
जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने बच्चों की एंट्री और गानों की सामग्री को लेकर चिंता जताई है। इकाई ने अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कुछ प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के आधार पर की गई है।
इंदौर में धमकियों के बीच सफलतापूर्वक कार्यक्रम करने के बाद अब सभी की नजरें दिलजीत के अगले अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर टिकी हैं।
