Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंबाला में ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला: घायल विशाल ने भी तोड़ा दम; गैंगस्टर मोनू राणा गिरफ्तार, लिया एक दिन के पुलिस रिमांड पर

हरियाणा के अंबाला में पांच दिन पहले एक कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अंबाला के गांव थंबड़ निवासी मोनू राणा के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड पर लिया है। 

गैंगस्टर मोनू राणा

घटनाक्रम के अनुसार 20 जनवरी को डीएवी रिवर साइड स्कूल के समक्ष एक कार पर लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। वारदात में कार सवार मोहित राणा की मौत हो गई थी, जबकि साथी विशाल भोला गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे छह गोलियां लगी थी। अंबाला के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद विशाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसके शरीर से कई छर्रे निकाले गये थे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। रविवार की रात पीजीआई में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 

इसके साथ ही फायरिंग प्रकरण में यह दूसरी हत्या का मामला जुड़ गया है। इधर रात को ही अंबाला पुलिस को विशाल भोला की मौत की सूचना मिल गई थी। दूसरी ओर हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस को सफलता मिली और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता रमेश कुमार के मुताबिक थाना महेशनगर में दर्ज फायरिंग और हत्या के मामले में जिला अपराध शाखा और अंबाला के पुलिस दल ने आरोपी शमशेर उर्फ मोनू राणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि मोनू राणा अंबाला में 20 जनवरी 2022 को थाना महेशनगर क्षेत्र अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर रिवर साइड स्कूल के सामने कार में सवार मोहित राणा और विशाल भोला पर की गई फायरिंग में शामिल था। 

पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए सीआईए एक और दो के अलावा सीआईए रायणगढ़, साइबर सेल व महेशनगर थाना प्रभारी सहित पांच संयुक्त टीमों का गठन किया है। बताया गया है कि इस मामले में सीआईए-2 के पुलिस दल ने उप-निरीक्षक विरेंद्र वालिया के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी शमशेर उर्फ मोनू राणा को काबू किया है। वहीं दोहरे हत्याकांड के अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें जगह-जगह छापामारी कर रही हैं। 

20 जनवरी 2022 को फायरिंग में मौत का शिकार हुए मोहित राणा के भाई शिकायतकर्ता सुभाष राणा उर्फ मोनू वासी रजापुर थाना हन्डेसरा (पंजाब) ने महेशनगर में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया गया था कि 20 जनवरी 2022 को अज्ञात 4-5 लड़कों ने उसके भाई मोहित राणा और उसके दोस्त विशाल भोला पर गोलियां चलाई। इस फायरिंग में उसके भाई मोहित राणा-35 की मौके पर ही मौत हो गई और विशाल भोला बुरी तरह से घायल हो गया।

Exit mobile version