हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के गांव में भिवानी के DC महावीर कौशिक का सुरीला अंदाज देखने को मिला। वह गांव में लोगों की समस्या सुनने के लिए पहुंचे थे, लेकिन लोगों ने उनसे रागनी गाने की फरमाइश की। DC ने भी लोगों को निराश नहीं किया और अपने ही अंदाज में “हे त्रिलोकी भगवान प्यारे तने तारे नर नारी जो बनके दास रहा” रागनी सुना डाली।
2011 बैच के IAS अधिकारी की गाई रागनी को लोगों ने खूब सराहा। हालांकि, यह पहला मौका नहीं था जब DC कौशिक ने रागनी गाई। इससे पहले भी वह सार्वजनिक मंच से रागनी सुना चुके हैं। इसके अलावा यहां लोगों की समस्याएं सुनने के बाद DC ने गांव के पटवारी को भी सस्पेंड कर दिया।
25 मार्च को DC महावीर कौशिक रात्रि ठहराव कार्यक्रम के लिए पूर्व CM बंसीलाल के गांव गोलागढ़ में पहुंचे थे। यहां पहले DC ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद ग्रामीणों ने DC से हरियाणवी रागनी सुनाने की मांग की। इस पर DC ने पंडित लख्मीचंद की त्रिलोकी भगवान पर रागनी सुनाई। इसमें उन्होंने कहा कि भगवान ने हमेशा ही भक्त का साथ दिया है। रागनी गायन में लोक कलाकार बाली शर्मा ने भी उनका साथ दिया।

