जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को पवित्र अमरनाथ गुफा में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रथम पूजा कर वार्षिक अमरनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा बर्फानी से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की प्रार्थना की।

उपराज्यपाल ने कहा कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षाबल, स्थानीय लोग, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक पूरी समन्वय भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। सभी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा का अनुभव कराना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा के लिए आधारभूत ढांचे और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर के लोगों के सहयोग से प्रशासन पूरी तरह तैयार है और बाबा अमरनाथ के भक्तों के स्वागत के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

समुद्र तल से 3888 मीटर ऊंचाई पर स्थित बाबा अमरेश्वर धाम की तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है। यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बहु स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अब तक 3.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। श्रीनगर मौसम केंद्र के अनुसार प्रथम पूजा के दौरान मौसम साफ रहेगा। हालांकि शाम के समय कहीं-कहीं हल्की बौछारें गिर सकती हैं।

भगवती नगर यात्री निवास में तड़के विशेष पूजन होगा। इसके बाद उपराज्यपाल पहले जत्थे को रवाना करेंगे। यात्री निवास में यहां श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए एसी और नॉन-एसी हॉल की व्यवस्था है। एसी डोरमेट्री का किराया 50 रुपये प्रति व्यक्ति है।

श्राइन बोर्ड ने इस वर्ष पंजीकृत तीर्थयात्रियों और सेवा प्रदाताओं का दुर्घटना बीमा कवर 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया है।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए आरएफआईडी कार्ड अनिवार्य किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को बढ़ाने के लिए इस बार जम्मू और श्रीनगर के चुनिंदा स्थानों पर विशेष लेजर-साउंड शो का आयोजन किया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!