प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया और तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा कर दी। तीनों नए कृषि कानून रद्द करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा पर पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुशी जताई है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि हर पंजाबी की मांग को पूरा करते हुए केंद्र ने किसानों के हित में काम करना जारी रखा। पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरु नानक जयंती पर इस निर्णय की घोषणा करने के लिए पीएम को धन्यवाद दिया।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि “बढ़िया खबर! गुरुनानक जयंती के पवित्र अवसर पर हर पंजाबी की मांगों को मानने और 3 काले कानूनों को निरस्त करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद। मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार किसानों के विकास के लिए साथ मिलकर काम करती रहेगी! ” इस ट्वीट में उन्होंने अमित शाह को भी टैग किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि केंद्र संसद के आगामी विंटर सेशन में तीनों कृषि कानूनों को आधिकारिक रूप से निरस्त कर दिया जायेगा। प्रकाश पर्व के मौके पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि किसानों का एक वर्ग कई दौर की बातचीत के बावजूद कृषि कानूनों को नहीं स्वीकार किया। कानूनों को निरस्त करते हुए, उन्होंने विरोध करने वाले किसानों से घर जाने का आग्रह किया। यह घोषणा उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले चुनावों से पहले की गई है। आपको बता दें कि इन राज्यों में सबसे ज्यादा किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
