Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक MDU में परीक्षा पेपर लीक का आरोप: 20-25 हजार में सौदा होने का दावा, छात्र संगठन आज करेंगे प्रदर्शन

रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में मर्सी चांस परीक्षाओं के पेपर परीक्षा से पहले ही 20 से 25 हजार रुपए में बेचने का आरोप लगाया गया है। इसी मामले को लेकर छात्र संगठन आज यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

छात्र संगठनों का आरोप है कि परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए स्टूडेंट्स को जोड़ा जा रहा है। ग्रुप में जुड़ने के बाद कथित तौर पर पेपर उपलब्ध कराने के लिए कॉल आने की बात भी कही गई है।

MDU में मर्सी चांस की परीक्षाएं 5 सितंबर से शुरू हुई थीं, जो निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जारी हैं। छात्र संगठनों का आरोप है कि परीक्षा में आने वाले पेपर पहले ही बेचने का सौदा किया जा रहा है। उनका दावा है कि इस मामले में एग्जाम कंट्रोलर विभाग से जुड़े होने के सबूत उनके पास हैं।

छात्र संगठनों का कहना है कि वे उपलब्ध सबूतों को कुलपति के सामने रखकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे।

छात्र संगठन एनएसओ के प्रदेशाध्यक्ष सुधीर सहारण ने कहा कि एमडीयू में शिक्षा माफिया पकड़ में आया है, जिस पर लगाम लगाने की जरूरत है। दिनरात मेहनत करके परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले स्टूडेंट्स के साथ धोखा हो रहा है। मर्सी चांस के पेपर चल रहे है, लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपरों का सौदा किया जा रहा है।

सुधीर सहारण ने बताया कि एक ऑडियो वायरल हो रही है। इसमें एक स्टूडेंट ने व्हाट्सएप पर आए ग्रुप को ज्वाइन करके एम3 मैथ के पेपर की मांग की तो सामने से कॉलर ने कहा कि मिल जाएगा। एडमिट कार्ड भेज दो। स्टूडेंट ने अपना रूम नंबर बता दिया तो कॉलर ने कहा कि परीक्षा के बीच पेपर मिल जाएगा।

कॉलर ने स्टूडेंट् को कहा कि परीक्षा के बीच पूरा हल किया पेपर मिलेगा, जिसे वह आराम से कर सकता है। जब पैसों की बात की तो कॉलर ने कहा कि सर से पूछकर बता दूंगा। पैसे परीक्षा के बाद भी दे सकते हैं। पैसे फ्लाइंग, एग्जाम कंट्रोलर विभाग, सुपरवाइजर, सभी में बाटे जाएंगे, इसलिए बाद में बता देगा।

एमडीयू में परीक्षा से पहले पेपर को लेकर एक स्टूडेंट की व्हाट्सएप पर चैटिंग मिली है, जिसने ग्रुप ज्वाइन करने के बाद कॉलर से पेपर की मांग की है। कॉलर ने पेपर पूरा लिखने के लिए कहा है, चाहे गलत लिख दे। इसके लिए 20 हजार रुपए मांगे है। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर चैटिंग व व्हाट्सएप पर हुई कॉल भी सामने आई है।

Exit mobile version