Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमले का आरोप, रॉड से तोड़े कार के शीशे; रिवर्स गियर में गाड़ी दौड़ाकर बचाई जान

रोहतक। महम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सतबीर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सतबीर के अनुसार, सफेद क्रेटा कार में आए 6 युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे वाहन अड़ाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए और पिस्तौल से फायरिंग करने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए सतबीर ने कार को रिवर्स गियर में दौड़ा दिया और बाद में रिलायंस पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गए।

पहले भी मिली थी गोली मारने की धमकी

सतबीर ने बताया कि 10 अक्टूबर को अनिल और ढीलू बड़ाली ने गोहाना रोड पर स्कूटी से उनका रास्ता रोककर गोली मारने की धमकी दी थी। उस समय उन्होंने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और पुलिस में शिकायत नहीं दी।

रॉड से तोड़े कार के शीशे

सतबीर के मुताबिक, घटना के दिन शाम को वह गोहाना मोड़ से रोहतक रोड की ओर घर जा रहे थे। रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने ब्रेकर पर पहुंचते ही सफेद क्रेटा कार में सवार सुमित बड़ाली, शेखर बड़ाली और चार अन्य युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगा दी।

आरोप है कि सुमित और शेखर रॉड व पिस्तौल लेकर उनकी ओर बढ़े। उन्होंने ड्राइवर साइड का शीशा रॉड से तोड़ दिया और दूसरी तरफ से भी हमला करने का प्रयास किया। सतबीर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन पर फायरिंग करने की कोशिश भी की।

रिवर्स गियर में गाड़ी दौड़ाकर पेट्रोल पंप पर ली शरण

सतबीर ने बताया कि हमलावरों से बचने के लिए उन्होंने कार को रिवर्स गियर में डालकर पीछे दौड़ा दिया। इस दौरान उनकी गाड़ी पीछे खड़ी दो गाड़ियों से टकरा गई। इसके बाद वह कार से उतरकर रिलायंस पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गए।

आरोप है कि हमलावर कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन लोगों को एकत्रित होता देखकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

महम थाना प्रभारी सतपाल के अनुसार, भाजपा नेता पर हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version