Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खनौरी बॉर्डर पर सभी किसान भूख हड़ताल पर बैठे:डल्लेवाल का 11 किलो वजन घटा, रिश्तेदार से मिलकर भावुक हुए; दिल्ली कूच पर फैसला आज

हरियाणा और पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर किसान आज किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के साथ पूरा दिन भूख हड़ताल पर हैं। मोर्चे पर लंगर तैयार नहीं किया गया। गांवों के लोगों को भी मोर्चे पर लंगर न लाने को कहा गया है। आज मीटिंग के बाद दिल्ली कूच पर फैसला हो सकता है।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि डल्लेवाल की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। उनका मरणव्रत 15वें दिन में दाखिल हो गया है। उन्हें स्टेज पर आने में भी दिक्कत आ रही है। किडनी और लीवर पर असर पड़ रहा है।

डॉक्टरों ने मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि उनका ब्लड प्रेशर 124/95, शुगर 93, पल्स 87 है। वहीं वजन 11 किलो कम हो चुका है। डल्लेवाल का कहना है कि यह आर-पार की लड़ाई है और MSP गारंटी कानून बनने तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

सोमवार को डल्लेवाल से मिलने के उनके रिश्तेदार पहुंचे। उस दौरान वह भावुक हो गए।

डल्लेवाल की सेहत की तंदुरूस्ती के लिए 11 दिसंबर को सभी गांवों में धार्मिक स्थलों पर किसान अरदास करेंगे। इसके लिए रणनीति बना ली गई है। किसानों ने मंच से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक लोग मोर्चों पर पहुंचे, ताकि संघर्ष को तेज किया जा सके।

Exit mobile version