उपायुक्त डॉ. यशपाल ने जिला में बेमौसम बारिश से फसलों से हुए नुकसान का विभिन्न गांवों में जाकर जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा फसलों की विशेष गिरदावरी करवाई जा रही है। प्रशासन द्वारा 15 अप्रैल तक सरकार को रिपोर्ट भिजवाई जायगी तथा फसल को हुए नुकसान का सभी संबंधित किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा दिलवाया जायेगा। 

उपायुक्त डॉ. यशपाल आज उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ जिला के गांव बनियानी व अन्य गांवों में फसलों को हुए नुकसान का जायजा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा विशेष गिरदावरी के निर्देश जारी किये गए है, जिनकी अनुपालना में जिला में विशेष गिरदावरी करवाई जा रही है। सरकार द्वारा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल को 3 अप्रैल तक दोबारा खोला गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गिरदावरी में तैनात स्टाफ को सख्त निर्देश जारी किये गए है कि वे फसलों को हुए नुकसान की वास्तविक रिपोर्ट तैयार करें तथा फसलों को हुए नुकसान के आंकलन में पूरी पारदर्शिता रखते हुए किसी भी पीडि़त किसान को मुआवजे से वंचित न रखें। 

डॉ. यशपाल ने कहा कि सरकार द्वारा गेंहू की फसल की मुआवजा राशि को बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ किया गया है। सरकार द्वारा फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई है, जिसके अनुसार मुआवजा दिया जायेगा। उपायुक्त डॉ. यशपाल ने इससे पहले गांव बनियानी के ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के मामले में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।

मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल 3 अप्रैल तक दोबारा खोला गया :-

उपायुक्त डॉ. यशपाल ने बताया कि किसान हितैषी प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी प्रणाली से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए आंकलन, सत्यापन और मुआवजे की व्यवस्था शुरू की गई है। रबी 2023 की फसलों में हुई क्षति से किसान को राहत देने के लिए ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल को 3 अप्रैल 2023 तक दोबारा खोला गया है। ई-फसल क्षतिपूर्ति पर सूचना देने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल का पंजीकरण अनिवार्य है। अब तक इस पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण करवाने से वंचित रहे ऐसे किसानों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल को दोबारा खोला गया है, जिनकी फसलों को ओलावृष्टिï एवं बेमौसम बारिश से नुकसान हुआ है। सरकार द्वारा मुआवजा राशि सीधा किसानों के खाते में भेजी जायेगी। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त कार्यालय या जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय से सभी कार्य दिवसों में सम्पर्क किया जा सकता है अथवा वेबसाइट https://fasal.haryana.gov.in/farmer/kharabalogin देखी जा सकती है। 

निरीक्षण के दौरान रोहतक के उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक व राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!