हरियाणा रोडवेज के चालक जगबीर की हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जगबीर सिंह को थार गाड़ी से कुचलकर हत्या करने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। शनिवार को जिम ट्रेनर मोनिका को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सीआईए टू को बाकी तीन आरोपी प्रांजल, कुनाल और विकास को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले सोमवार को पुलिस ने थार गाड़ी की मालकिन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार महिला ऋतु खुराना दिल्ली के इंद्र पुरी की रहने वाली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रांजल खुराना की मां ऋतु खुराना को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसको जमानत पर रिहा कर दिया गया।
कुंडली के पास हरियाणा रोडवेज में चालक जगबीर सिंह की 6 सितंबर को सुबह थार जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। चालक जगबीर सिंह अपने घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। वे हरियाणा रोडवेज की बस में सवार होकर दिल्ली के लिए निकले थे। तभी चंडीगढ़ से आ रही एक थार चालक की बस चालक के साथ बात के लेकर कहासुनी हो गई।
इसके बाद थार चालक बस ड्राइवर को परेशान करने के लिए कभी गाड़ी को बस के पीछे करता तो कभी आगे। थार चालक से परेशान होकर बस में सवार जगबीर और परिचालक फतेह सिंह बस को रोककर खड़े हो गए तो, ताकि थार चालक से बात की जाए। इस बीच थार चालक ने दोनों को टक्कर मार दी, जिसमें जगबीर की मौके पर ही मौत हो गई और फतेह सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
इस वारदात को अंजाम देकर थार चालक मौके से फरार हो गया। इसके विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम कर दिया था। जिसे पुलिस ने समझाकर खुलवा दिया था। बाद में 7 सितंबर को आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने व पिता की हत्या से आहत जगबीर सिंह के बेटे संदीप ने शमशान घाट में जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। गुरुवार को मामले में प्रदेशव्यापी हड़ताल भी की गई थी। परिजनों ने गुरुवार को थार सवार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी किए बिना पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया था।
इसके बाद शुक्रवार रात को पुलिस ने दिल्ली से मोती नगर से मोनिका नाम की आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह थार गाड़ी में सवार थी। पुलिस ने उसे गाड़ी समेत काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि युवती मोनिका जिम में काम करती है। आरोपी प्रांजल थार गाड़ी चला रहा था। वह दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर का करता है। उनका साथी विकास एक कंपनी में कार्यरत है और कुनाल प्रतिष्ठित मोबाइल कंपनी में काम करता है।

