Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मौसम विभाग का अलर्ट; आज होगी कई जगह आंधी–बारिश– 14 जून तक उत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में चलेगी तेज हवा व बूंदाबांदी

हरियाणा में आज भी कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश/बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। हालांकि ये कुछ देर के लिए होगी। इस दौरान कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलेगी। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है अचानक से आंधी आएगी और बारिश होगी। भीषण गर्मी से फिलहाल ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रात को उमस ने भी परेशान किया है।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 14 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 14 जून तक राज्य के उत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं कहीं हवाएं चलने और गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी आने की संभावना है। परंतु दक्षिणी हरियाणा में बीच बीच में आंशिक बादल व गर्म मौसम बने रहेंगे। 15 व 16 जून को मौसम खुश्क और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बारिश और आंधी के माहौल में रात काे न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री तक गिर गया। हिसार में एक ही रात में पारा 6.4 डिग्री नीचे आ गया। यहां सबसे कम 21.2 डिग्री पारा रहा। हिसार की रात सबसे ठंडी रही। यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम व अंबाला में तापमान 26 डिग्री से उपर रहा। 24 घंटे के दौरान कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 20 एम एम बारिश हुई। साथ ही हिसार में 12 एमएम बारिश हुई। कई अन्य जिलों में भी बारिश हुई है। नारनौल में 2.4 और यमुनानगर में 1.4 डिग्री तापमान बढ़ा है।

प्रदेश में शनिवार शाम को बारिश आंधी का जो दौर शुरू हुआ था, वह कई जिलों में रात को भी देख गया। आधी रात को और रविवार अल सुबह सोनीपत, सिरसा व महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश हुई। कुरुक्षेत्र में 24 घंटे में खूब बारिश देखने को मिली है। रात के 12 घंटों को देखें तो सोनीपत में 1 एमएम, सिरसा में 1 एमएम, कुरुक्षेत्र में 0.5 एमएम, महेंद्रगढ़ में 1एमएम बारिश हुई है। करनाल में भी कुछ स्थानों पर बूंदबांदी देखने को मिली है।

बीती रात को ठंडी हवा के झोंके के बीच कई स्थानों पर उमस ने भी खूब सताया। रात को 12 बजे पानीपत के उझा सेंटर में तापमान 34 डिग्री के करीब रहा। यहां दिन की तरह रात तपी। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर रात का पारा 25 डिग्री के आसपास रहा। रात को लोगों ने गर्मी झेली। ग्रामीण क्षेत्रों में रात को बिजली के लंबे भी लगे, जिससे लोगों की परेशानी गर्मी में और भी बढ़ गई।

रात को प्रदेश में कई स्थानों पर गरज चमक बनी रही। नरवाना, राजौंद, जींद, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, सोहना, बहादुरगढ़ व गुरुग्राम में आधी रात के बाद मौसम खराब रहा। यहां 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बूंदाबांदी देखने को मिली। लोगों की नींद में भी खराब मौसम ने खलल डाला। सुबह भी कई जिलों में आसमान में बादल छाए हैं। कई जिलों में दोपहर के बाद फिर से आंधी बारिश झेलनी पड़ सकती है।

Exit mobile version