Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 6 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट:चरखी दादरी में सबसे ज्यादा बारिश, 8 दिन में प्रदेश में 37% अधिक बरसात

प्रदेश में आज भी बारिश के आसार हैं। मानसूनी हवाएं सक्रिय हैं। आज महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, मेवात, पलवल और यमुनानगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

आंकड़ों के अनुसार अब तक सबसे ज्यादा 186.5 MM बारिश चरखी दादरी में दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश के महेंद्रगढ़, हिसार, गुरुग्राम, रोहतक, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, रेवाड़ी, रोहतक में बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लगातार मानसून के सक्रिय होने और भारी बारिश की संभावना जताता रहा है।

विभाग के अनुसार अगस्त में अब तक प्रदेश में 37 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। सामान्य तौर पर आठ दिनों में प्रदेश में 44 MM बारिश हो जाती, लेकिन अब तक 60.2 MM बारिश हो चुकी है। वहीं जून से अगस्त तक राज्य में 29 फीसदी कम बारिश हुई है।

हरियाणा में आज न्यूनतम तापमान 27.09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग यानी IMD के अनुसार, दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, अधिकतम तापमान 31.88 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। जबकि कल हरियाणा में न्यूनतम तापमान 28.18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35.64 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम में नमी की बात करें तो यह 64 प्रतिशत रही

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य के यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राज्य के बाकी जिलों में भी बारिश की संभावना है।

राज्य में लगातार हो रही बारिश फसलों के लिए काफी अच्छी है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि कपास की फसल में पानी जमा न होने दें क्योंकि इससे नुकसान हो सकता है। खेत में पानी निकासी का उचित प्रबंध करें।

Exit mobile version