Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बारिश को लेकर अलर्ट जारी; 7-8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना: प्रशासन सतर्क, 16 वायरलेस स्टेशन स्थापित

हरियाणा में मौसम विभाग ने 7 व 8 जुलाई को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। रोहतक शहर सप्ताहभर पहले हुई बारिश से जलमग्न हो गया था। दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया था। जिसके कारण लोगों को काफी नुकसान हुआ। अब फिर से भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।

डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। राजस्व विभाग द्वारा इस संदर्भ में आवश्यक हिदायत जारी की गई हैं। प्रशासन ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आवश्यक प्रबंध किए है। संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह के अनुसार, बारिश के दौरान बिजली की लाइनों व खंभों के पास से ना गुजरे। पेड़ के नीचे शरण ना ले। निचले क्षेत्रों में जलभराव को सकता है, इसलिए ऐसे क्षेत्र में जाने से बचे। कमजोर ढांचों के पास ना खड़े हों। बारिश के दौरान रोड़ पर फिसलन और दृश्यता कम हो सकती है। बारिश के दौरान सावधानी पूर्वक धीरे वाहन चलाएं। नागरिक अपने घरों की सुरक्षा के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध करें।

पुलिस अधीक्षक ने जिला के महत्वपूर्ण स्थानों पर 16 स्थाई वायरलेस स्टेशन स्थापित किए हैं, ताकि सूचना तंत्र को दुरुस्त रखा जा सके। जिला के सभी वाटर चैनल्स से गाद निकाली गई है तथा अन्य बांधाओं को हटाया गया है, ताकि ड्रेनों में पानी का सही बहाव हो सके। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सिंचाई विभाग द्वारा जल निकासी के लिए लगाए इलेक्ट्रिक पंपों पर तुरंत बिजली कनेक्शन जारी करें।

जिला में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लघु सचिवालय स्थित कमरा संख्या 102 में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। जहां से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी श्वेता सुहाग, जिला राजस्व अधिकारी और जिला आपदा राहत अधिकारी की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष का नंबर 01262-230401 व 241120 है।

Exit mobile version