मौसम विभाग की चेतावनी पर गौर करें तो आज हरियाणा में आफत की बारिश का दिन है। पूरे प्रदेश में आज बारिश-ओलावृष्टि के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दो दिन से हो रही बारिश के चलते तापमान मे जबरदस्त गिरावट हुई है और हवा के ठंडे झोंके सर्द मौसम का एहसास करा रहे हैं। पूरे हरियाणा में आसमान बादलों से ढ़का है और जीटी बेल्ट के जिलों में से हल्की बारिश हो रही है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर आज पूरे हरियाणा को प्रभावित कर सकता है। IMD चंडीगढ़ ने पांच दिनों के मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें बुधवार को कुछ जिलों में राहत की उम्मीद जताई गई है, लेकिन अब जानकारी ये भी दी गई है कि 5 मई को भी उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों को छोड़ कर अन्य जिलों में गरज चमक बरकरार रहेगी। पहले ये अलर्ट 4 मई तक के लिए ही था। अब एक और दिन प्रदेश में मौसम खराब रहने वाला है।

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश हुई है। रात को भी रुक रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। अब मंगलवार सुबह भी यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, कैथल, पंचकूला व आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। हालांकि अभी तक ओले गिरने की कोई सूचना फिलहाल नहीं मिली है। लेकिन आज पूरे प्रदेश में ही ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। दिन के समय बारिश का फैलाव अन्य क्षेत्रों में भी संभव है।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में मंगलवार के बाद बुधवार को भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। फिलहाल प्रदेश के लोग आमतौर पर तपन देने वाले मई महीने की शुरुआत में मनाली जैसी गुलाबी ठंड का आनंद ले रहे हैं। दो दिन में तापमान इतना गिर गया है कि पंखे-कूलर-एसी तक घरों में बंद पड़े हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!