Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 2 दिन मौसम रहेगा खराब

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज और कल मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में आंधी के साथ बारिश की संभावना है।

तीन दिन बाद 22 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से दो दिन मौसम प्रभावित रहेगा। वहीं, कल हरियाणा के औसत तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इधर, प्रदेश में इस बार सामान्य से अधिक बारिश हुई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान सामान्य से करीब 50 परसेंट अधिक बारिश हुई। सबसे अधिक बढ़ोतरी पलवल में दर्ज की गई, जहां 107 परसेंट अधिक बारिश हुई, वहीं अंबाला में सबसे कम बारिश हुई

हरियाणा में इस बार जून के महीने में भीषण गर्मी में भी जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 18 जून तक पूरे हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 18 जून के बीच पूरे हरियाणा में 26.4 MM बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस पीरियड में सामान्य बारिश 24.9 MM मानी जाती है।

इस बार हरियाणा में सामान्य के मुकाबले 6% अधिक बारिश हुई है। अगर केवल पिछले हफ्ते (12 जून से 18 जून) की बात करें, इस दौरान सामान्य 13.5 MM के मुकाबले 50% अधिक यानी 20.2 MM बारिश हुई।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।

इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इससे 19 जून की रात से 20 जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, मगर रात में तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।

Exit mobile version