Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Air India Plane Crash: ‘हम सभी स्तब्ध हैं’, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में घायल हुए लोगों से मिलने के बाद PM Modi का रिएक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचकर सबसे पहले उस जगह का मुआयना किया जहां पर 12 जून को प्लेन क्रैश हुआ था. इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की. साथ ही, एयर इंडिया दुघर्टनाग्रस्त प्लेन में सवार, एक मात्र जिंदा बचे यात्री का हालचाल भी जाना. इसके बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं. इतने सारे लोगों की अचानक और दिल दहला देने वाली मौत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना. हम उनके दर्द को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, उसे आने वाले कई सालों तक महसूस किया जाएगा. ओम शांति.’

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और अन्य अधिकारी उनके साथ थे. डिप्टी कमिश्नर कानन देसाई के मुताबिक, घटनास्थल से मलबा हटाने का काम रातभर जारी रहा और कुछ मलबा अभी भी हटाया जाना बाकी है. शव इतने जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना मुश्किल है. 265 शवों को शहर के सिविल अस्पताल भेजा गया है. इनमें 241 वो यात्री हैं, जो हादसे के वक्त प्लेन में सवार थे. जबकि बाकी लोग स्थानीय हैं, जो प्लेन क्रैश के वक्त आसपास मौजूद थे.

दुर्घटनाग्रस्त विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक सवार थे. एयर इंडिया ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक (लंदन) हवाई अड्डों पर सहायता केंद्र स्थापित किए हैं. एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि ये केंद्र परिवार के सदस्यों को अहमदाबाद की यात्रा की सुविधा प्रदान कर रहे हैं. इसके अलावा, एयरलाइन ने भारत से कॉल करने वालों के लिए एक विशेष यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 तथा भारत के बाहर से कॉल करने वालों के लिए +918062779200 शुरू किया है.

Exit mobile version