Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 8 जिलों में हवा हुई जहरीली: AQI पहुँचा खतरनाक स्तर पर, सुप्रीम कोर्ट ने डीसी से मांगा जवाब

हरियाणा में सुबह स्मॉग की चादर देखी जा सकती है। बढ़ते प्रदूषण के कारण हवा जहरीली हो गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी बुलेटिन के हिसाब से हरियाणा के 8 जिलों में प्रदूषण खराब स्थिति में पहुंच गया है यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से ऊपर दर्ज किया गया है।

बढ़ते स्मॉग के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। अस्पतालों के ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रदेश में सोनीपत का AQI सबसे अधिक 249 दर्ज किया गया है। इसके अलावा भिवानी में AQI 233 रहा।

वहीं हिसार, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरूक्षेत्र, पानीपत, रोहतक में भी हवा की क्वालिटी काफी खराब रही। हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गहरी चिंता जताई है।

प्रदेश में दूषित होती हवा का बड़ा कारण पराली जलाने के मामलों को माना जा रहा है। राज्य में अभी तक पराली जलाने का आंकड़ा करीब 600 के पार पहुंच गया है। कृषि विभाग के साथ साथ प्रशासन भी लगातार किसानों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है ताकि पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाई जाए

हरियाणा में वायु प्रदूषण को लेकर कई जिलों के उपनिदेशकों, डीडीए की बैठक भी बुलाई गई थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आगजनी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त आदेश दिए थे मगर इसका असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा।

कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में तो पराली जलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जिसकी वजह से कोर्ट ने कैथल और कुरुक्षेत्र के डीसी से जवाब मांगा है।

उधर कृषि विभाग के अनुसार किसानों के लिए लगातार जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं, जिससे पराली जलाने के मामलों में कमी आई है।

Exit mobile version