हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले बिग बॉस OTT-2 के विनर व यू-ट्यूबर एल्विश यादव और यू-ट्यूबर मैक्सटर्न का विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। दोनों के बीच समझौता हुआ है। मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी यादव ने पीड़ित यू-ट्यूबर से माफी मांग ली है। जिसके बाद दोनों में सुलह हो गई है। एल्विश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक तस्वीर को साझा करते हुए इस बात का खुलासा किया है।
बता दें कि एल्विश ने एक यू-ट्यूबर को बुरी तरह पीटा था। पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया था। वीडियो में एल्विश अपने दोस्तों के साथ यू-ट्यूबर से मारपीट करते हुए दिख रहा है। उसे जमीन पर गिराकर थप्पड़ मारे। उसके कपड़े भी उतर गए।
यू-ट्यूबर ने एल्विश यादव पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, एल्विश ने कहा कि पहले उसके परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी गई। गुरुग्राम पुलिस ने एल्विश समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ सेक्टर 53 थाने में केस दर्ज कर लिया है। इसमें धारा 147, 149, 323, 506 जोड़ी है।
दो दिन पहले जहां एल्विश और मैक्सटर्न एक-दूसरे पर आरोपों की झड़ी लगाते नहीं थक रहे थे, वहीं आज एल्विश ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट हैंडल से मैक्सटर्न के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘भाई-चारा ऑन टॉप’। सोशल मीडिया पर दोनों की यह तस्वीर काफी वायरल हो रही है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर असली मामला क्या है।
‘बिग बॉस’ फेम एल्विश यादव ने मैक्सटर्न पर पहले आरोप लगाया था कि मैक्सटर्न ने उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, इसलिए उन्हें गुस्सा आ गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो साझा करके मैक्सटर्न से माफी भी मांग ली थी। उन्होंने वीडियो में कहा, जो मार पिटाई मैंने की है, उसके लिए मैं माफी मांगना चाहता हूं…ज्यादा मार दिया, इतना नहीं करना चाहिए था।

