आगरा के कमलानगर में शनिवार को दिन के उजाले में साढ़े 8 करोड़ रुपए की लूट हो गई। हथियारों के साथ मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड के ऑफिस में घुसे 4 बदमाशों ने स्टाफ को बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि वे 17 किलो सोना और 5 लाख रुपए ले गए हैं। मैनेजर का कहना है कि लूट के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट भी की।
यह पूरी घटना महज 25 मिनट में हो गई। इस दौरान 2 बदमाश ऑफिस के बाहर खड़े रहे। लूट के बाद सभी अलग-अलग रास्तों पर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस CCTV फुटेज की मदद से लुटेरों की पहचान में जुट गई। कुछ देर बाद 2 बदमाशों सहित रेकी करने वाले एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया।
कुछ देर बाद 2 बदमाश पकड़े गए
लूट के कुछ देर बाद ही एत्मादपुर क्षेत्र में पुलिस की 2 लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें एक के पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद बाइक गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
मेडिकल स्टोर के कर्मचारी ने रेकी की
लूट के वक्त ऑफिस के अंदर मौजूद एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसका नाम हर्ष बताया जा रहा है। हर्ष फाइनेंस कपंनी से करीब 200 मीटर दूर रहता है। वह कंपनी के ऑफिस के सामने मेडिकल स्टोर पर काम करता है।
