Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा मे छुट्‌टी आए अग्निवीर की सिर में गोली मारकर हत्या:पलवल में पड़ोसियों ने सोते समय घेरा, केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे

हरियाणा के पलवल में एक फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जवान 2024 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुआ था और बुधवार, 20 अगस्त को ही छुट्‌टी पर घर आया था।

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उनके पड़ोसियों ने घर में घुसकर फायरिंग की है। पड़ोसी परिवार पर एक केस को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने पड़ोसियों की बात नहीं मानी तो उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

मृतक की पहचान 21 वर्षीय बलदेव के रूप में हुई है। वह पलवल के गांव मांदकौल के रहने वाला था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, मांदकौल गांव का बलदेव 2024 में ही अग्निवीर बना था और सेना में भर्ती हुआ था। वह कल घर छुट्‌टी पर आया था। वह अविवाहित था और रात को खाना खाकर खेत पर बने कमरे में सोने चला गया। वहीं पर 20-21 अगस्त की रात को उस पर हमला हुआ है।

पुलिस ने बताया है कि बलदेव के सिर में गोली मारी गई है। उसकी मौत की सूचना सुबह मिली, जब परिजन खेत पर पहुंचे। वहां कमरे में उसका लहूलुहान शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

Exit mobile version