Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 20 जुलाई से अग्निवीर भर्ती रैली, आज से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

हरियाणा के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सेना में भर्ती का सपना देखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में किया जाएगा। भर्ती रैली को लेकर सेना भर्ती कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और आज से अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।सेना भर्ती कार्यालय रोहतक के अनुसार यह भर्ती रैली अंबाला मुख्यालय आरटीजी जोन के अंतर्गत भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जिलों के वे युवा हिस्सा ले सकेंगे जिन्होंने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है। भर्ती रैली में हरियाणा के सभी जिलों के वे उम्मीदवार भी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने केंद्रीय श्रेणी के तहत जूनियर कमीशंड ऑफिसर (धार्मिक शिक्षक), हवलदार शिक्षा, जूनियर कमीशंड ऑफिसर कैटरिंग और हवलदार सर्वे ऑटो कार्टो पदों के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा पास की है।

सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को भर्ती स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेज और प्रमाण-पत्र साथ लेकर आने होंगे। इनमें शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), एडमिट कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। भर्ती अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी नशीले पदार्थों का सेवन करता हुआ या अपने पास किसी प्रकार का प्रतिबंधित पदार्थ रखे हुए पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से भर्ती प्रक्रिया से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी, समस्या या सहायता के लिए सेना भर्ती कार्यालय द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें।

Exit mobile version