Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

टिकरी के बाद गाजीपुर बॉर्डर से पुलिस बैरिकेड्स हटते ही राकेश टिकैत बोले- ‘हम अपनी फसल बेचने जाएंगे संसद’

किसान आंदोलन के बीच अब दिल्ली की सीमाओं को खोला जा रहा है। पुलिस ने टीकरी बॉर्डर के बाद अब गाजीपुर बॉर्डर से किसानों के धरना स्थल पर लगे बैरिकेड्स को हटाना शुरू कर दिया है, जिसके बाद बंद पड़ी सड़कों के फिर से खुलने की उम्मीद है, लेकिन बॉर्डर से पुलिस बैरिकेड्स हटते ही भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने सरकार को चेतावनी दी है।

राकेश टिकैत ने कहा है कि उनकी लड़ाई कभी रास्ते की नहीं रही है। उनकी लड़ाई तीन कृषि कानूनों को लेकर है। उन्होंने कहा कि रास्ते खुलेंगे, हम भी अपनी फसल बेचने के लिए संसद भवन जाएंगे। हम 11 महीने से बॉर्डर पर बैठे हैं। हमें दिल्ली जाना है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि किसान अपनी फसल कहीं भी बेच सकते हैं।

राकेश टिकैत ने इससे पहले शुक्रवार को ट्वीट के जरिए केंद्र सरकार पर हमला बोला। किसान नेता टिकैत ने कहा कि देश का अन्नदाता पिछले 11 महीने से लगातार सडक़ों पर बैठकर अपने हक को मांग रहा है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार हठधर्मिता अपनाते हुए तानाशाही कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के अन्नदाताओं पर जुल्म पर जुल्म कर रही है। गरीबों की रोटी पर भी पूंजीपतियों का कब्जा हो गया है।

बता दें कि टीकरी बॉर्डर के बाद पुलिस अब गाजीपुर बॉर्डर से बैरिकेड हटाने का काम कर रही हैं। बैरिकेड हटने के बाद से गाजियाबाद और नोएडा से दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी राहत होगी।
Exit mobile version