Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में किसानों की महापंचायत के बाद 3अक्टूबर को देशभर के रेलवे ट्रैक जाम करने का ऐलान;2 घंटे के लिए करेंगे रेलवे ट्रैक जाम

हरियाणा के कुरूक्षेत्र में रविवार को हुई किसानों की महापंचायत में फैसला लिया गया है कि 3 अक्टूबर को पूरे देश में रेल ट्रैक जाम रखा जाएगा। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि हरियाणा में पंचायतें कर भाजपा की ओर से किसानों पर किए अत्याचार को याद कराया जाएगा। किसान हरियाणा में भाजपा की हार में हिस्सेदार बनेगा।

किसान महापंचायत में सरवन सिंह पंधेर के साथ जगजीत सिंह डल्लेवाल, अमरजीत सिंह मोहड़ी सहित कई किसान नेता शामिल हुए।

पिपली गांव में हुई महापंचायत के बाद सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि भाजपा सरकार ने जिस प्रकार के अत्याचार किसानों पर किए हैं, अब हरियाणा में इसका बदला लेने का समय आ गया है। हम पंचायत कर हरियाणा के किसानों को याद दिला रहे हैं कि किस प्रकार से किसानों पर बल का प्रयोग किया गया और किस प्रकार से किसान शुभकरण को शहीद किया गया।

उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को भारत भर में 2 घंटे के लिए रेलवे ट्रैक जाम किए जाएंगे। आने वाले समय में किसान आंदोलन को और भी गति दी जाएगी। वही अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि हमारे आंदोलन का उद्देश्य दूसरे राजनीतिक दलों को भी सचेत करना है कि अगर सत्ता में आने के बाद वह किसानों के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार करेंगे तो किसान एक होकर उनके खिलाफ भी लड़ाई लड़ेगा।

उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आने वाले समय में इस आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा।

Exit mobile version