जींद के उचाना के गांव घोघडिया में बीती रात पति ने तेजधार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी। उसे उसके चरित्र पर संदेह था। जिसके चलते अक्सर दोनों के बीच कलह होती रहती थी। महिला ने पति के खिलाफ महिला थाना में शिकायत भी की थी। जिसके बाद पुलिस ने रविवार को ही दोनों के बीच समझौता करवाया था। आरोप है कि देर रात पति पवन और उसके परिजनों ने महिला की हत्या कर दी। उचाना थाना पुलिस ने महिला के मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मसूदपुर गांव के रहने वाले महिला के पिता कर्मबीर ने पुलिस को बताया कि दोनों की शादी 11 साल पहले हुई थी। बड़ी बेटी पूनम (28) की पवन के साथ और उसके छोटे भाई के साथ अपनी छोटी बेटी मामली की शादी हुई थी। इसके बाद से ही उसकी दोनों बेटियों के साथ ससुराल वाले मारपीट करते थे। पूनम के दो बच्चे, एक लड़का और लड़की हैं। जबकि उसकी दूसरी बेटी मामली की उसके पति नसीब के साथ अनबन के चलते 6 महीने पहले तलाक हो गया। जिसके बाद से पूनम का उत्पीड़न और ज्यादा बढ़ गया। कर्मबीर ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी पूनम की हत्या उसके पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से की है। उचाना थाना पुलिस ने कर्मबीर की शिकायत पर मृतका के पति पवन, देवर नसीब, याशिन, ससुर भीमा, सास रजनी तथा मामा ससुर गांव दनौदा निवासी जापान के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उचाना थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि मृतका की गर्दन तथा कंधे पर तेजधार हथियार के निशान थे। मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

