Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में ब्लाइंड मर्डर की सुलझी गुत्थी; व्यक्ति का गला घोंट मारने के बाद कपड़े में बांध शव फेंका नाले में, 3 मार्च को हुआ था झगड़ा

रोहतक के गांव मायना में आज यानी शनिवार सुबह एक ब्लाइंड मर्डर का मामला सामने आया था जिसमें एक गंदे नाले में कपडे में बंधा शव मिला था की शिनाख्त गांव आंवल निवासी 22 वर्षीय योगेश उर्फ चीता के रूप में हुई है। जिसका गांव में 3 मार्च को गांव के ही युवकों के साथ झगड़ा हो गया था जिसके चलते रंजिशन यह हत्या की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार योगेश होली के दिन से लापता था। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी उसी दिन कपड़े से गला घोंट हत्या कर दी गई थी और सबूत छिपाने के लिए कपड़े में बांधकर नाले में फेंक दिया गया होगा।

गांव आंवल निवासी सतीश (मृतक का छोटा भाई) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं और 3 मार्च को गांव में जागरण के दौरान योगेश के साथी रवि उर्फ विक्की, भोलू, ढिल्लू, अजय व सौरभ के साथ झगड़ा हो गया था। हालांकि झगड़ा उस समय शांत हो गया।

लेकिन योगेश होली के दिन 7 मार्च को घर से लापता हो गया जिसको परिवार वालों ने तलाश किया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं मिल पाया। शनिवार को सूचना मिली कि मायना के खेतों में एक शव पड़ा हुआ है। जब मौके पर पहुंचे तो पाया कि यह योगेश का शव है जिसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।

सतीश ने कहा कि सबूत मिटाने की नियत से योगेश के शव को कपड़े में बांधकर नाले में फेंका हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि रवि, भोलू, ढिल्लू, अजय व सौरभ ने झगड़े की रंजिश रखते हुए यह हत्या की है। हत्या के बाद शव गंदे नाले में डाल दिया। जिसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह लोग गांव मायना के नजदीक गंदे नाले की तरफ गए तो उन्होंने शव को देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकालकर जांच में जुट गई। FSL टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना के एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि गांव आंवल निवासी सतीश ने अपने भाई की हत्या की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आंवल निवासी रवि उर्फ विक्की, भोलू, ढिल्लू, अजय व सौरभ के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Exit mobile version