Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राजवीर जवंदा के बाद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को दूसरा बड़ा झटका; मशहूर सिंगर गुरमीत मान का निधन

मशहूर पंजाबी सिंगर गुरमीत मान का निधन हो गया है। उन्होंने 57 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। करीबियों के मुताबिक उन्हें हार्ट प्रॉब्लम थी। 3-4 साल पहले उनको स्टंट भी डाले गए थे। जिसके बाद उन्होंने स्टेज शो करने कम कर दिए थे। एक हफ्ते पहले उनकी तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद पहले उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 32 के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत न सुधरने पर रोपड़ के परमार अस्पताल में लाया गया। जहां किडनी डैमेज होने की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।रोपड़ के रहने वाले गुरमीत मान को पेंडू अखाड़ों का किंग माना जाता था। ‘सोहरेयां दा पिंड’ और ‘चंडीगढ़ इन रूम’ से उन्हें काफी मशहूरी मिली। उनकी सिंगर प्रीत पायल के साथ जोड़ी मशहूर थी। इसके अलावा गुरमीत पंजाब पुलिस में सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) भी थे।

गुरमीत मान को उनकी सुरीली आवाज, मार्मिक गीतों और पंजाबी सभ्याचारक गीतों के लिए जाना जाता है। इनका जन्म रोपड़ जिले में हुआ। पंजाबी पेंडू सभ्याचार से जुड़े गीतों के कारण इनके अखाड़े लोगों का दिल छूते रहे। एक सिंगर के अलावा गुरमीत मान ने पंजाब पुलिस में अधिकारी के रूप में काम किया।

गुरमीत मान ने कई ऐसे गीत दिए जो लोगों की जुबान पर रहे। इन एल्बम में ‘सोहरेयां दा पिंड’ और ‘चंडीगढ़ इन रूम’ शामिल हैं। गायिका प्रीत पायल के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया जाता था। इनके गीतों में लव लैटर, बादल दे नीले कार्ड वांगूं तेरी फोटो सांभ के रखांगा, लोगों की जुबान पर रहा। गायन के अलावा, गुरमीत मान ने पंजाबी कॉमेडी, अभिनय और प्रोडक्शन में भी योगदान दिया। गुरमीत मान की जोड़ी प्रीत पायल के साथ काफी मशहूर थी और उनके गाए गीत आज भी गांव-गांव में गूंजते हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे है। वायरल बयानी नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर लिखा- गुरमीत मान की कमी पंजाबी संगीत प्रेमियों के दिलों में हमेशा रहेगी। उनकी आवाज भले ही बंद हो गई हो, लेकिन उनकी यादें और गीत हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगे।

सिंगर गुरमीत मान के साथ लंबे समय तक रहे रोपड़ के लखवीर सिंह ने बताया कि गुरमीत बहुत ही नेक इंसान थे। उनको भी अचानक 9 अक्तूबर को सुबह उनके मैनेजर का फोन आया। उसने बताया कि गुरमीत मान नहीं रहे। उनकी मौत का पंजाबी इंडस्ट्री को बड़ा घाटा है। वो स्टेज के किंग थे। जो भी उनको एक बार सुन लेता था, वो बार-बार सुनता था।

सिंगर गुरमीत मान अभी भी पुलिस में नौकरी कर रहे थे। रोपड़ पुलिस लाइन में बतौर एएसआई उनकी ड्यूटी थी। इनकी पत्नी भी रोपड़ में ही पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर रही हैं। अभी वह रिटायर हैं। गुरमीत मान के दो बच्चे हैं। एक बेटा और बेटी। बेटा गौरव मान लंबे समय से कनाडा में सैटल है और वहीं पर नौकरी करता है। बेटी गुनाबी मान हिंदी नाटक करती हैं। अभी वो हिंदी-टॉलीवुड इंडस्ट्री में संघर्ष कर रही हैं। नाटक करने के साथ वे गाती भी हैं।

Exit mobile version