Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में व्यक्ति की हत्या के बाद कार में शव को जलाया:गाड़ी के नंबर से हुई पहचान, 2 दिन पहले ​​​​​​​चाचा की हुई थी मौत, हरिद्वार गया था परिवार, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हरियाणा के सोनीपत जिले में व्यक्ति की हत्या कर शव को कार में डाल कर आग लगा दी गई। बुटाना माइनर की पटरी पर स्विफ्ट डिजायर कार बुरी तरह से जली हालत में मिली। पिछली सीट पर पड़ा युवक का शव भी जल कर अस्थि पिंजर में बदल गया था। पुलिस ने सदर थाना गोहाना में अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

गोहाना क्षेत्र के गांव बिचपड़ी के रहने वाले अनिरुद्ध ने शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई नरेंद्र करीब एक साल से कवल किशोर के पास ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। हर रोज की तरह वह कल भी अपनी ड्यूटी पर गया था। रात को वापस नहीं आया। उसका फोन नंबर भी बंद आ रहा था। बाद में उनको सूचना मिली कि बुटाना माइनर की पटरी पर नया जींद-गोहाना ग्रीन फील्ड हाइवे के पास कार जली हालत में खड़ी है। कार में पिछली सीट पर एक व्यक्ति जलकर मृत अवस्था में पड़ा है। 

अनिरुदध ने बताया कि सूचना पाकर वह अपने परिवार सहित मौके पर पहुंचा। कार के अंदर पिछली सीट पर बाईं तरफ में अथजली हालत में एक लाश पड़ी हुई थी। उनको शक है कि उसके भाई नरेंद्र की किसी ने हत्या करके डेड बॉडी को स्विफ्ट डिजायर कार में डालकर आग लगा दी है। कार में एक जला हुआ मोबाइल फोन भी पड़ा हुआ मिला है।

नरेंद्र की हत्या के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि नरेंद्र के तीन बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा व दो बेटियां है। परिजनों ने बताया कि नरेंद्र के चाचा रामकुमार की दो दिन पहले अचानक मौत हो गई थी। परिवार के सदस्य सोमवार को ही उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार गए थे। अब घर में दूसरे सदस्य की जान चली गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसके आधार पर पुलिस केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए उसका डीएनए भी कराया जाएगा।

Exit mobile version