Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में 2 लाख रुपये रिश्वत लेते AFM गिरफ्तार: पोल्ट्री फार्म के बिजली कनेक्शन के लिए 3.60 लाख में तय की थी डील

जींद। हरियाणा के जींद में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने बिजली विभाग के एक AFM को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पोल्ट्री फार्म के बिजली कनेक्शन के लिए 3.60 लाख रुपये की मांग की थी। इसमें से 1.18 लाख रुपये पहले ही ले चुका था। बुधवार शाम को बाकी 2 लाख रुपये लेते समय ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान सतीश कुमार निवासी गांव मेहरड़ा, क्षेत्र जुलाना के रूप में हुई है। वह गढ़ी स्थित 132 KV सब स्टेशन में कार्यरत था।

60.50 किलोवाट कनेक्शन के लिए किया था आवेदन

जानकारी के अनुसार, गांव नेपेवाला निवासी पवन कुमार ने ACB को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उझाना गांव में उसका पोल्ट्री फार्म है। इसके लिए उसने 60.50 किलोवाट के बिजली कनेक्शन के लिए 11 नवंबर को ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के साथ उसने 9,922 रुपये की फीस भी ऑनलाइन जमा करवाई थी।

आरोप है कि गढ़ी 132 KV सब स्टेशन में कार्यरत AFM सतीश कुमार ने खुद को JE बताकर उससे संपर्क किया और बिजली कनेक्शन के लिए 3.60 लाख रुपये की मांग की।

पहले 1.18 लाख रुपये ले चुका था आरोपी

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में 18 हजार रुपये लिए। इसके बाद बिजली के खंभे खड़े करने के बाद एक लाख रुपये और ले लिए। इस तरह आरोपी को कुल 1.18 लाख रुपये दिए जा चुके थे।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने बाकी दो लाख रुपये दिए बिना बिजली की तार बिछाने से इनकार कर दिया। 17 नवंबर को उसने फोन कर फिर से बकाया दो लाख रुपये देने की मांग की। शिकायतकर्ता ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ ACB से शिकायत की।

132 KV कार्यालय में बिछाया जाल, रंगे हाथों पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद ACB ने इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। 18 नवंबर की शाम शिकायतकर्ता को दो लाख रुपये देकर आरोपी के पास भेजा गया।

जैसे ही आरोपी ने गढ़ी स्थित 132 KV कार्यालय में रिश्वत की रकम ली, शिकायतकर्ता के इशारा करते ही ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

जींद ACB-SV इंचार्ज महेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ करनाल रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत ACB से करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version