Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक पुलिस की साइबर ठगी को लेकर एडवाइजरी: SP बोले- वॉट्सऐप पर जानकार बनकर पैसे मांगने के केस बढ़े-जल्दबाजी में न करें ट्रांसफर; सोशल अकाउंट पर लगाए प्राइवेसी

हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने साइबर ठगी को रोकने के लिए एडवाइजरी जारी की है। SP हिमांशु गर्ग ने कहा कि आजकल परिचित बनकर जरूरी काम के लिए पैसे मांगने और ठगी करने के मामले ज्यादा आ रहे हैं। ठग फर्जी नंबर पर जानकारों की प्रोफाइल लगाकर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। बिना कनफर्म हुए वह किसी को पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी प्रकार की वित्तीय या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज करवाएं।

साइबर ठग इंटरनेट की दुनिया में सक्रिय रहते हैं। वे लगातार नए मौकों की तलाश में रहते हैं। कई बार वॉट्सऐप पर परिचित की तस्वीर लगाकर साइबर अपराधी आपको मैसेज भेजते हैं। यह बताते हैं कि वह किसी जरूरी मीटिंग में है और उन्हें कुछ पैसे की जरूरत है। वे मीटिंग में बात नहीं कर पाएंगे, इसलिए उनके अकाउंट में ही में पैसे डाल दें।इस दौरान वे यह भी बताते हैं कि यह नंबर भी उन्हीं का है, चूंकि प्रोफाइल फोटो में परिचित की तस्वीर रहती है, तो जल्दबाजी पैसे डाल दिए जाते हैं। कई बार लोग स्कैन कोड का इस्तेमाल कर कंप्यूटर पर वॉट्सऐप का प्रयोग करते हैं। जब कंप्यूटर छोड़कर बाहर जाते हैं तब भी स्कैन कोड को एक्टिव छोड़ देते हैं। वहीं स्कैन कोड साइबर अपराधियों के हाथ लगने के बाद वे अपराधियों का शिकार हो जाते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

किसी परिचित का प्रोफाइल फोटो लगाकर अगर कोई पैसे मांगे तो तुरंत सतर्क हो जाएं, क्योंकि कोई भी व्यक्ति संकट के समय मैसेज भेज कर मदद नहीं मांगेगा।वॉट्सऐप के सेटिंग में कई सुरक्षा की प्रणालियां है, उन सभी को गौर से पढ़ें और उन्हीं सभी सेटिंग को अपने वॉट्सऐप में लागू करें।

वॉट्सऐप पर अपने प्रोफाइल फोटो को सुरक्षित करके रखें, ताकि उसे कोई चुरा ना सके या फिर जो लोग आपके फोन लिस्ट में हैं, वही सिर्फ आपका प्रोफाइल फोटो देख सकें।

वॉट्सऐप अकाउंट हैक हुआ है तो तुरंत ही वॉट्सऐप रिसेट करें। इसके बाद वॉट्सऐप दोबारा पहले जैसे ही चालू करना होगा। जिससे अपराधी द्वारा हैक किया अकाउंट लाग आउट हो जाएगा

वॉट्सऐप बिना आपकी अनुमति कोई OTP नहीं भेजता। ओटीपी आता है तो सतर्क होना चाहिए।

वॉट्सऐप पर जालसाज करीबी बनकर ही आपसे लूट कर सकते हैं। कोई भी करीबी बनकर मदद मांग रहा है तो सबसे पहले उसे काल करें और किसी भी ओटीपी की जानकारी न दें। सेफ्टी को बढ़ाने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन विकल्प ऑन करना चाहिए।

Exit mobile version