रोहतक में जन्माष्ठमी के त्योहार पर यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई है। एसपी उदय सिंह मीना ने बताया कि जन्माष्ठमी का त्योहार रात 12 बजे तक मनाया जाता है, जिसकी तैयारियां पहले ही शुरू हो जाती है।
लोगों को यातायात संबंधित कोई परेशानी ना हो इसके लिए शाम छह बजे से जन्माष्ठमी आयोजन के समापन तक झज्जर रोड मोड से भिवानी बस स्टैंड, दुर्गा भवन मंदिर व कच्चा बेरी रोड पर जाने से परहेज करें। वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। केवल पैदल व्यक्ति जा सकते हैं। यहां पर जाम की समस्या अधिक रहती है। उधर, बम निरोधक दस्ता ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिग अभियान भी चलाया।
बम निरोधक दस्ता प्रभारी इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार की टीम ने मंदिर, डी-पार्क, गांधी कैंप मार्केट, शोरी मार्केट और किला रोड आदि पर गहनता से चेकिग की। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर चौक-चौराहे पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शहर के चारों तरफ नाकाबंदी रहेगी। शहर में आने वाले वाहनों को भी चेकिग के बाद ही एंट्री दी जाएगी।

