Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ओपन से 10वीं-12वीं के एडमिट कार्ड कल होंगे जारी:हरियाणा में 140 एग्जाम सेंटर बनाए; 39,537 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की ओर से अक्टूबर-2026 की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) परीक्षाओं के एडमिट कार्ड 22 सितंबर से जारी किए जाएंगे। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबुलाल करवा ने बताया कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए परीक्षार्थी पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर सकते हैं। परीक्षा 1 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक होगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

140 परीक्षा केंद्रों पर 39,537 परीक्षार्थी
बोर्ड के अनुसार अक्टूबर परीक्षा में कुल 39,537 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 25,646 छात्र और 13,891 छात्राएं हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश में 140 केंद्र बनाए गए हैं।

बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थी रंगीन एडमिट कार्ड पर आवेदन के समय स्कैन किया गया रंगीन फोटो चिपकाकर किसी राजकीय या मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय के प्राचार्य/मुख्याध्यापक अथवा राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाएं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और मूल पहचान-पत्र, जैसे आधार कार्ड, अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने परीक्षार्थियों को आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट करवाने की सलाह भी दी है।

परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। एडमिट कार्ड पर परीक्षा की तारीख के अनुसार परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर जरूरी होंगे। इसलिए बोर्ड ने एडमिट कार्ड को लेमिनेट नहीं करवाने की सलाह दी है।

परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड में दर्ज अपने नाम, फोटो, हस्ताक्षर समेत अन्य विवरणों की जांच करने को कहा गया है। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर बोर्ड कार्यालय में जाकर उसमें सुधार करवाना होगा।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। किसी दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देने या परीक्षा में बैठने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

दिव्यांग परीक्षार्थियों को लेखक (स्क्राइब) की सुविधा लेने के लिए बोर्ड कार्यालय, केंद्र अधीक्षक या मुख्य केंद्र अधीक्षक से अनुमति लेना जरूरी होगा।

एडमिट कार्ड में दिक्कत हो तो यहां करें संपर्क
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी होने पर परीक्षार्थी बोर्ड की हेल्पलाइन 01664-254309 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सेकेंडरी शाखा के ई-मेल assec@bseh.org.in, सीनियर सेकेंडरी शाखा के ई-मेल assrs@bseh.org.in और मुक्त विद्यालय शाखा के ई-मेल adhos@bseh.org.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Exit mobile version