हरियाणा के कॉलेजों में स्नातक (UG) कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन एडमिशन की प्रक्रिया जारी है, लेकिन जो विद्यार्थी 7 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे, उनको उच्च शिक्षा निदेशालय (DHE) ने बड़ी राहत दी है। रजिस्ट्रेशन की तारीख को बढ़ाकर विद्यार्थियों को 3 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।
विद्यार्थी 10 जुलाई तक कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। इससे पहले विद्यार्थियों के पास 7 जुलाई तक ही ऑनलाइन आवेदन करने का मौका था, लेकिन DHE ने विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है, ताकि किसी कारण अप्लाई नहीं कर पाए विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। पूरे शेड्यूल को बदला गया है।
सभी कॉलेज प्रिंसिपल को लिखा पत्र
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी, एडेड व सेल्फ फाइनेंस कॉलेज के प्रिंसिपलों को पत्र लिखकर डेट में बदलाव करने के लिए कहा है। बता दें कि ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया की शुरुआत जून में ही हो चुकी थी। इससे पहले 12 से 15 जून तक कॉलेजों से कोर्स व सीट आदि का रिकॉर्ड मांगा गया। इसके बाद 17 जून से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए थे।
अब यह रहेगा शेड्यूल
विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन – 10 जुलाई तक
कॉलेज द्वारा ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच – 11 जुलाई तक
पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी – 12 जुलाई को
पहली मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों की फीस जमा होगी – 13 से 16 जुलाई तक
दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी – 18 जुलाई को
दूसरी मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों की फीस जमा होगी – 19 व 20 जुलाई को
पढ़ाई शुरू होगी – 21 जुलाई से
बची हुई सीटों पर ओपन काउंसिलिंग होगी – 22 जुलाई को
बची हुई सीटों पर रजिस्ट्रेशन के लिए दोबारा पोर्टल खुलेगा – 22 जुलाई को

